बाइक एक सवारी छह- संभल के मुरादाबाद मार्ग पर जा रहा यह बाइक सवार एक नहीं छह लोगों की जान को खतरा पैद?
- फोटो : SAMBHAL
संभल। जिलेभर में यातायात नियमों की जमकर अनदेखी की जा रही है। बाइक सवारों से लेकर कार चालक व ई-रिक्शा चालक तक नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। दुपहिया वाहन बिना हेलमेट और पांच से छह सवारियों को ढो रहे हैं। जबकि ई-रिक्शा चालक मिनी ट्रक के बराबर माल लादकर दौड़ रहे हैं। इन्हें न अपनी परवाह है और न यातायात नियमों की। जिम्मेदार ही इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। यदि ठोस कार्रवाई की जाए तो नियमों की शायद अनदेखी रोकी जा सके। लेकिन ऐसा होता दिखाई नहीं दे रहा है। नियमों की धज्जियां जिम्मेदार लोगों के सामने ही उड़ाई जा रही हैं।
रविवार को नगर क्षेत्र में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ती दिखाई दी। कहीं बाइक सवार पांच सवारियों को ढोता दिखाई दिया तो कहीं एक ही बाइक पर छह भी सवारियां सफर करती दिखाई दीं। यह बाइक सवार न अपनी जान की परवाह कर रहे हैं और न उन मासूमों की जो अभी सही से बोल भी नहीं सकते। लेकिन जिम्मेदारों की अनदेखी का खूब फायदा उठाया जा रहा है। यही कारण है जो लगातार जान जोखिम में डालकर सफर किया जा रहा है।
वहीं ई-रिक्शा चालकों ने मिनी ट्रक के बराबर माल ढो रहे हैं। जगह-जगह मिनी ट्रक बने घूम रहे इन ई-रिक्शों को कोई देखने वाला नहीं है। यह ई-रिक्शा संभल से सिरसी और आसपास के क्षेत्रों में माल लेकर जाते दिखाई दे रहे हैं। इन ई-रिक्शों में किसी मिनी ट्रक के बराबर माल लादकर दौड़ाया जा रहा है। लेकिन जिम्मेदार अधिकारी भी कार्रवाई से बच रहे हैं।