संभल। धार्मिक मामले की टिप्पणी पर सांसद ने रोष जाहिर किया और बर्दाश्त नहीं करने की बात कही है। सरकार से टिप्पणी करने वाले लोगों को फांसी देने की मांग उठाई है। सांसद ने कहा धार्मिक मामले में कोई आंच आई तो गर्दन कटाना पसंद करेंगे लेकिन धार्मिक मामले में टिप्पणी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह बातें संभल के सपा सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान ने प्रेसवार्ता के दौरान कहीं।
शनिवार को सांसद डॉ. बर्क ने कहा कि देश का भाईचारा खत्म करने की साजिश हो रही है। हमारे धार्मिक मामले में गुस्ताखी कोई भी मुसलमान बर्दाश्त नहीं करेगा। यदि बर्दाश्त किया तो जिंदगी पर लानत है। सांसद ने कहा सरकार सख्त हो और ऐसी टिप्पणी करने वाले लोगों को फांसी पर लटका दे। तब हम और मुसलमान मुतमाइन होंगे।
सांसद ने आरोप लगाया कि धर्म के मामले में अशोभनीय टिप्पणी करने के मामले में सियासत की साजिश है। खुद को चमकाने के लिए पूरी दुनिया के मुसलमानों को ठेस पहुंचाने का काम किया है। सांसद ने मांग करते हुए कहा कि मुल्क हमारा भी है। अमन चाहते हैं लेकिन मुसलमान जहां मुल्क का वफादार है वहीं अपने धर्म का भी वफादार है। सांसद ने धार्मिक मामले में टिप्पणी करने वाले दोनों लोगों को फांसी देने की मांग की है। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि जियाउर्रहमान बर्क भी मौजूद रहे।