गुन्नौर (संभल)। शिवगंगा होटल पर सोमवार की रात खाने के रुपये मांगने पर बाइक सवार दो युवकों ने गाली-गलौज करते हुए होटलकर्मी दिनेश कुमार पर तमंचे से फायर झोंक दिया, जिसमें होटलकर्मी बाल-बाल बचा। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।
गांव इमामपुर टांडा निवासी दिनेश कुमार शिवगंगा होटल पर काम करता है। पीड़ित के अनुसार, सोमवार की रात करीब दस बजे बाइक सवार दो युवक होटल पर खाना खाने के लिए आए थे। खाना खाने के बाद उसने रुपये मांगे तो एक युवक भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। विरोध पर दोनों युवक बाइक पर बैठकर चले गए और कुछ दूर पहुंचने पर बाइक रोककर पीछे बैठे युवक ने तमंचे से उस पर फायर कर दिया। लेकिन दूरी अधिक होने की वजह से वह बाल-बाल बच गया और गोली दीवार में जाकर लगी। बाद में आरोपी युवकों ने दो हवाई फायर किए और मौके से भाग गए। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
पीड़ित के मुताबिक होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड है। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। तमंचे से किया गया एक फायर होटल के कमरे के सामने की दीवार में लगा। पुलिस ने मौके से कारतूस का खोखा भी बरामद किया है।
कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और घटना की जांच की जा रही है।