रजपुरा। थाना क्षेत्र में टी-पॉइंट पुलिस चौकी के पास लूट की एक वारदात सामने आई है। एक बाइक सवार को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया गया। आरोपी उसकी बाइक, मोबाइल फोन और तीन हजार रुपये लूटकर फरार हो गया। बबराला थाना क्षेत्र के पाठकपुर निवासी राजेश ने तहरीर में बताया कि वह गाजियाबाद में ब्लिंकिट में बाइक सवार का काम करता है। वह अपनी बाइक से घर लौट रहा था। टी-पॉइंट चौकी के पास एक व्यक्ति ने उसे रोका और बाइक पर लिफ्ट ली। चाऊपुर डांडा के पास उस व्यक्ति ने राजेश को कुछ सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा। पीड़ित के अनुसार, आरोपी उसकी बाइक, मोबाइल फोन और जेब में रखे रुपये ले गया। चाऊपुर डांडा के एक ग्रामीण ने 108 एम्बुलेंस को सूचना दी।
राजेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रजपुरा पहुंचाया गया। 112 पुलिस भी मौके पर पहुंची। करीब 24 घंटे बाद राजेश को होश आया और उसके परिजन भी अस्पताल पहुंचे। थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने बताया कि तहरीर मिल गई है और मामले की जांच की जा रही है।