चंदौसी। जायंट्स वूमेन पावर, वूमेन प्राइड और वूमेन एरा की ओर से सीता रोड स्थित कृष्ण कुंज धर्मशाला में मातृ दिवस समारोह उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में माताओं का पटका और माला पहनाकर स्वागत किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, कविता, गीत और नृत्य ने समारोह को आकर्षक बना दिया। विभिन्न प्रदेशों की वेशभूषा में पहुंचीं महिलाओं ने भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक पेश कर कार्यक्रम की शोभा को बढ़ा दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत में सभी माताओं का पटका और माला पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद दीप प्रज्वलन व जायंट्स प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। समारोह में गीताली, सारिका, श्रुति और शिप्रा ने कविता व गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा कई सदस्यों ने माताओं को समर्पित नृत्य और लघु प्रस्तुतियां देकर सभी माताओं को भावुक कर दिया।
ग्रुप अध्यक्ष नीतू अग्रवाल ने अपनी बेटी के साथ सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया। ग्रुप सदस्य निमिषा अग्रवाल ने बच्चों के साथ मां के सम्मान में आकर्षक नृत्य नाटिका प्रस्तुत कर खूब सराहना बटोरी। इसके पश्चात सभी ने तंबोला का आनंद लिया और आकर्षक उपहार प्राप्त किए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि यूनिट डायरेक्टर क्षमा अग्रवाल, डॉ. सुधा चौधरी, पद्मा भार्गव, अनु रस्तोगी, शुभा अग्रवाल सहित करीब 90 माताओं की मौजूदगी रही। सभी माताओं को सम्मान स्वरूप सुंदरकांड की पुस्तकें भेंट की गईं।
यूनिट डायरेक्टर क्षमा अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य मां के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करना है। इस अवसर पर शुभा अग्रवाल, नीतू सोनी, प्रीति अग्रवाल, अंजली चौधरी, अलका मंगलम, वंदना गुप्ता, प्राची, रिशु, सुरभि आदि मौजूद रहीं।