बिछौली में प्रधान समेत पांच लोगों के घर पर चला बुलडोजर
संभल तहसील क्षेत्र के गांव बिछौली में ग्राम समाज की बीस बीघा भूमि पर अवैध कब्जा है। बुधवार को तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम पहुंची और प्रधान समेत पांच लोगों के मकानों पर बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। तहसीलदार ने बताया कि न्यायालयों में चले मुकदमे में बेदखली के आदेश के बाद यह कार्रवाई की गई।
बुधवार को तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह, नायब तहसीलदार, चार कानूनगो, 20 लेखपाल की टीम और दो बुलडोजर के साथ गांव बिछौली पहुंचे। साथ में आरआरएफ के जवान भी थे। गांव में जगह-जगह पर पुलिस कर्मियों और आरआरएफ को तैनात कर दिया गया।
राजस्व विभाग की टीम ने लोगों से मकान खाली किए जाने के लिए कहा। लोग मकानों से सामान बाहर निकालने लगे। एक घर की छत पर रखी पानी की टंकी भी उतार ली गई। कुछ ने विरोध किया तो पुलिस ने समझा दिया। जिसके बाद बुलडोजर ने मकानों को तोड़ने का काम शुरू किया।
कार्रवाई के दौरान सबसे पहले प्रधान अतीक का मकान तोड़ा गया। जिसके बाद अफलातून, भूरा, सज्जाद, शाने आलम के मकान को ध्वस्त किया गया। तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि गांव बिछौली में करीब 20 बीघा भूमि है, जो पंचायत घर और स्कूल आदि के नाम दर्ज है। उस पर कब्जा पाया गया है। न्यायालयों में मुकदमों में निर्णय हो चुका है और बेदखली के आदेश हुए हैं। इसलिए कब्जा हटाने की कार्रवाई की जा रही है।