संभल। संभल-बहजोई मार्ग पर हयातनगर में स्थित दरगाह, मस्जिद और मंदिर अतिक्रमण की चपेट में आ गए हैं। प्रशासन की ओर से नोटिस जारी कर खुद ही अतिक्रमण हटाने का समय दिया है। इसके लिए मस्जिद कमेटी ने पालिका की जेसीबी से खुद ही अतिक्रमण को ध्वस्त कराना शुरू कर दिया।
एसडीएम वंदना मिश्रा ने बताया कि संभल-बहजोई मार्ग का चौड़ीकरण किया जाना है। लोकनिर्माण विभाग की ओर से नापतौल करने पर अतिक्रमण चिह्नित किया गया है। एक ओर मस्जिद और दरगाह का हिस्सा अतिक्रमण में शामिल है। दूसरी ओर मंदिर का कुछ हिस्सा अतिक्रमण की जद में आया है। दोनों ही कमेटी को खुद से अतिक्रमण हटाने के लिए निर्देश दिए हैं।
लोकनिर्माण विभाग के एक्सईएन सुनील प्रकाश ने बताया कि मंदिर और मस्जिद के सामने की चौड़ाई औसतन 38 से 40 मीटर है। 70 वर्ग मीटर अवैध निर्माण किया गया है। जबकि मदरसा पिछले हिस्से में संचालित होता है। इसके आसपास भी अतिक्रमण किया गया है। जिसको हटाने की कार्रवाई कर दी गई है। बताया कि अतिक्रमण हटने के बाद ही चौड़ीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। मंदिर और मस्जिद और दरगाह के जिम्मेदार लोगों को नोटिस जारी कर दिया है। तय समय में अतिक्रमण हटाने के लिए निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए पालिका की जेसीबी भी लगाई गई है।
एक्सईएन ने बताया कि दरगाह और मस्जिद का पूरा निर्माण ही अतिक्रमण की जद में आ गया है। जबकि मंदिर की बाउंड्री का हिस्सा अतिक्रमण में शामिल है।
000000000000
चौड़ीकरण में दरगाह और मस्जिद आ गए हैं। अतिक्रमण जो चिह्नित किया गया है। वह हटा दिया जाएगा। दरगाह को पिछले हिस्से में शिफ्ट किया जाएगा। प्रशासन की कार्रवाई का किसी ने कोई विरोध नहीं किया है। जो अतिक्रमण है उसको हटाने के लिए मजदूर लगा दिए हैं।
शकील अहमद, मस्जिद और दरगाह के पक्षकार
000000000000
धर्मकूप मंदिर का आंशिक हिस्सा अतिक्रमण में आ गया है। जिसको हम स्वयं तोड़ रहे हैं। हमें कोई एतराज नहीं है। यह मंदिर प्राचीन है। बरगद का पेड़ इसका प्रमाण है। जबकि मस्जिद और दरगाह पूरी तरह अवैध तरीके से निर्माण किए गए हैं। कोई दस्तावेज कमेटी के पास नहीं है।
हरिप्रसाद
000000000000
संभल-बहजोई मार्ग पर चौड़ीकरण किया जाना है। मस्जिद और दरगाह का पूरा हिस्सा अतिक्रमण की चपेट में आ गया है। इसके अलावा मंदिर का आंशिक हिस्सा भी अतिक्रमण में है। मंदिर, मस्जिद के जिम्मेदार लोगों को नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं।
वंदना मिश्रा, एसडीएम, संभल