सिरसी (सिरसी)। सिरसी में चल उर्स के सातवें दिन बुधवार को दंगल में दिल्ली की महिला पहलवान और मेरठ के लंगड़ा पहलवान की कुश्ती सबसे रोमांचक रही। मोनिका पहलवान ने लंगड़ा पहलवान को कड़ी टक्कर दी। अंत में दोनों की कुश्ती बराबरी पर छूटी। मोनिका पहलवान ने खूब वाहवाही लूटी।
बुधवार को सैयद जमालुद्दीन उर्फ दादा मखदूम साहब के उर्स में अायोजित दंगल में पहली कुश्ती नेपाल के पहलवान लकी थापा और बनारस के पहलवान सिंघम के बीच हुई। जिसमें लकी थापा ने सिंघम को पटकनी दी। दूसरी कुश्ती हरिद्वार के बाबा बजरंगी पहलवान और हीर मांझरा के बंटा पहलवान के बीच हुई। इसमें बाबा बजरंगी ने बंटा पहलवान को मात दी। तीसरी कुश्ती कलियर शरीफ के पहलवान फकीर बाबा और चंबल घाटी के पहलवान काली चरन के बीच हुई। इसमें फकीर बाबा ने जीत हासिल की। दिन की चौथी कुश्ती सबसे रोमांचक हुई। यह कुश्ती मेरठ के लंगड़ा पहलवान और दिल्ली से आई महिला पहलवान मोनिका के बीच हुई। कुश्ती शुरू होते ही दंगल में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर महिला पहलवान की खूब हौसला अफजाई की। लंगड़ा पहलवान ने मोनिका पहलवान को चित करने के लिए खूब दांवपेच लगाए, लेकिन मोनिका पहलवान को नहीं हरा पाया। निर्धारित समय तक चली कुश्ती बराबरी पर छूटी। पांचवी कुश्ती चंदौसी के भूरा पहलवान और बागपत के मुन्ना पहलवान के बीच हुई। इसमें भूरा पहलवान ने जीत हासिल की। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग दंगल देखने पहुंचे।