संभल। सावन माह का आज तीसरा सोमवार है। शिव भक्तों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। वे गंगा घाटों से कांवड़ लेकर लौट रहे हैं और आज जिले के नजदीक वाले प्रमुख शिवालय पहुंचकर जलाभिषेक करेंगे। सबसे ज्यादा उत्साह संभल के गांव देहली के निवासी मोहम्मद मुजाहिद और उनके बेड़े में शामिल भक्तों में है। क्योंकि डाक कांवड़ लाने वाले इस जत्थे में शामिल मोहम्मद मुजाहिद गंगा जल लेकर देर रात लाैट आए और वह गांव के ही शिव मंदिर पर पहुंचकर जलाभिषेक करेंगे। इससे पहले प्रेम विवाह करने वाले संभल की तमन्ना मलिक भी अपने पति के साथ कांवड़ ला चुकी हैं।
गांव देहली से कांवड़ियों का यह जत्था डाक कांवड़ लेने 15 अगस्त को रवाना हुआ। इस जत्थे में करीब 30-35 शिव भक्त शामिल हैं। इन्हीं में मोहम्मद मुजाहिद भी शामिल हैं। मुजाहिद ने बताया कि वह सनातन धर्म में आस्था रखते हैं। भगवान भोलेनाथ के पुजारी हैं। बताया कि उनकी एक मन्नत थी, जो पूरी हो गई। हालांकि, मन्नत जो थी, उसे सार्वजनिक नहीं किया। बताया कि इसी मन्नत के पूरा होने पर उन्होंने कांवड़ लाने का संकल्प लिया था और वह गांव के कांवड़ियों के साथ गंगाजल लेने के लिए हरिद्वार गए। गांव से निकलने के बाद मोहम्मद मुजाहिद का फूल माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया। चंदौसी चौराहे पर जबरदस्त स्वागत हुआ। इसके बाद वह हरिद्वार पहुंचे और डाक कांवड़ लेकर लौट आए। सोमवार सुबह यह जत्था गांव में स्थित शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेगा। बताते चलें कि डाक कांवड़ियों के इस बेड़े में जो वाहन शामिल हैं, उस पर पोस्टर लगा है। इस पोस्टर में एक तरफ वीर शिवाजी और दूसरी तरफ एसपी केके बिश्नोई की फोटो लगाई है। संभल में पहले भी इसी तरह एसपी केके बिश्नोई का एक फोटो वायरल हो चुका है।