सरायतरीन। हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के फुलसिंहा गांव में शनिवार रात चोरों ने एक मकान के पीछे से नकब लगाकर 65 हजार रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। इसके अलावा चोरों ने आसपास के तीन अन्य मकानों में भी नकब लगाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। एक मकान में नकब लगाने पर कमरे के अंदर भूसा निकला, जिसके बाद चोर वहां से लौट गए।
फुलसिंहा गांव निवासी जुबैर पुत्र मिद्दन ने बताया कि शनिवार रात परिवार के लोग बरामदे में सो रहे थे। कमरे के किवाड़ बाहर से बंद थे। देर रात चोरों ने मकान के पीछे खेत की तरफ से नकब लगाकर कमरे में प्रवेश किया। बक्से में रखी 65 हजार की नकदी, सोने व चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोर फ्रिज के अंदर गोल्टे में रखा देसी घी भी ले गए। जुबैर सुबह नमाज पढ़ने के लिए उठे तो मकान में नकब लगा देखकर चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी और थाने में तहरीर दी।
ग्रामीणों के अनुसार, चोरों ने पास ही गयासुद्दीन के मकान के पीछे से भी नकब लगाया था, लेकिन कमरे के अंदर भूसा होने के कारण वहां से कुछ नहीं ले जा सके। इसके अलावा नफीस और इस्लाम के मकानों में भी नकब लगाने का प्रयास किया, लेकिन चोर कामयाब नहीं हो सके। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।