चंदौसी। सीएचसी में बुधवार को अग्निशमन विभाग ने मॉक ड्रिल आयोजित कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की पड़ताल की। इस दौरान दमकल कर्मियों ने अस्पताल स्टाफ को आग लगने की स्थिति में बचाव और नियंत्रण के तरीके समझाए। खुले स्थान पर अभ्यास करते हुए आग बुझाने के उपकरणों के उपयोग का प्रदर्शन भी किया गया। साथ ही अग्निशमन अधिकारियों ने सीएचसी में लगे यंत्रों की जांच कर उनकी स्थिति परखी।
दोपहर में आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को आग से निपटने तथा आपात स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की व्यवहारिक जानकारी दी गई। अग्निशमन प्रभारी महेश सिंह के नेतृत्व में टीम ने अस्पताल परिसर के खुले स्थान पर ड्रिल कर आग बुझाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया।
इस दौरान कांस्टेबल रजनीश शर्मा, जितेंद्र कुमार और वीरेंद्र कुमार ने स्वास्थ्यकर्मियों को विभिन्न परिस्थितियों में आग लगने पर त्वरित कार्रवाई के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि शुरुआती समय में सही कदम उठाकर बड़ी दुर्घटनाओं को टाला जा सकता है। साथ ही यह भी बताया गया कि ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय संयम बनाए रखना और सुरक्षित निकासी मार्गों का उपयोग करना आवश्यक है।
इसके बाद अग्निशमन टीम ने अस्पताल परिसर में लगे अग्निशमन उपकरणों का निरीक्षण कर उनकी कार्यक्षमता की जांच की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस मौके पर चिकित्साधिकारी डा. हरविंदर सिंह, डा. दिग्विजय सिंह, डा. विपिन सागर, महेश कुमार, हेमेश नाथ वार्ष्णेय, गिरीराज, शिवराज समेत अन्य स्टाफ मौजूद रहा।