असमोली(संभल)। संभल जिले में अग्निशमन अधिकारी व एनडीआरएफ व नामित प्रेक्षकों के द्वारा शुक्रवार को मॉकड्रिल कराई गई। असमोली के चीनी मिल परिसर में यह मॉकड्रिल हुई।
काल्पनिक रूप से शुक्रवार को जिले में भूकंप आने की सूचना मिली। इस पर एडीएम वित्त एवं राजस्व ने जिला ऑपरेशन सेंटर में आपातकालीन बैठक की। इसमें प्रभारी अधिकारी आपदा डिप्टी कलक्टर नीतू रानी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी केके ओझा, जिला होमगार्ड्स, एक्सईएन सिंचाई, जिला सूचना अधिकारी व अन्य विशेषज्ञ शामिल हुए। एडीएम ने बताया कि गुन्नौर में भूकंप आने से निजी स्कूल के विद्यार्थियों को बिल्डिंग से बाहर निकाला गया। जबकि चंदौसी सीएचसी में आग लगने की घटना हुई है और असमोली स्थित चीनी मिल में रसायनिक रिसाव हुआ। इससे आसपास के लोग प्रभावित होते दिखाई दिए। जिन्हें होमगार्ड्स, अग्निशमन के अलावा रोशन सिंह चौहान स्मारक महाविद्यालय टांडाकोठी के 43 एनसीसी कैडेट्स ने लेफ्टिनेंट मंदीप सिंह के नेतृत्व में सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इस दौरान आपदा विशेषज्ञ अच्युत कुमार, नायव तहसीलदार दीपक जुरैल, संतोष कुमार आदि रहे। संवाद