ओबरी (संभल)। ओबरी गांव में चल रहे क्रिकेट मैच देखने मंगलवार की शाम पांच बजे के करीब घर से निकले ममेरे और फुफेरे भाई लापता हो गए थे। परिजनों ने तलाश की पर कहीं सुराग नहीं मिला। देररात थाने पहुंचकर दोनों भाईयों की गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस जांच में जुट गई। 24 घंटे बाद दोनों भाई हरिद्वार में मिले हैं।
असमोली थाना क्षेत्र के ओबरी गांव निवासी अब्बास हैदर (11) पुत्र आलम शेर, व उवैश (7) पुत्र शकील ममेरे फुफेरे भाई हैं। दोनों भाई मंगलवार की दोपहर गांव में ही मनोटा-रतनपुर कलां मार्ग के किनारे चल रहे क्रिकेट मैच को देखकर देर रात तक भी घर नहीं लौटे। परिजनों को चिंता हुई तो वह उनकी तलाश में घर से निकले। काफी तलाशा गया पर उनका कहीं सुराग नहीं लग सका। देररात परिजन थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि गुमशुदगी रात में ही दर्ज कर ली थी और मामले की जांच शुरू कर दी गई। 24 घंटे के अंतराल में ही दोनों भाई हरिद्वार में मिल गए हैं। उन्हें लेने के लिए परिजन रवाना हुए हैं।