राहुल गांधी का प्रतिनिधि बताकर किया गुमराह, लग्जरी कार का पुलिस ने किया चालान
संभल। संभल-मुरादाबाद मार्ग पर शनिवार की दोपहर सीओ कार्यालय के सामने खड़ी टोयोटा फॉर्च्यूनर कार का नियमों के उल्लंघन करने पर चालान किया गया है। इस लग्जरी कार पर सांसद लिखा हुआ था। किसी ने संदिग्ध कार होने की सूचना पुलिस अधीक्षक को दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने छानबीन की तो कार स्वामी आ गया। जिसने बताया कि वह एसडीएम से मुलाकात करने के लिए आया है। पुलिस के पूछताछ करने पर कार स्वामी ने पहले कार को राहुल गांधी का बताया और खुद को प्रतिनिधि बताने लगा। पुलिस ने काले शीशे चढ़े होने और सांसद लिखे होने की जानकारी की तो कार स्वामी जवाब नहीं दे सका। पुलिस ने कार की छानबीन की तो अंदर बड़ा हूटर लगा मिला। पुलिस ने हूटर, काले शीशे चढ़ाने और नो एंट्री में कार खड़ी करने का चालान किया। 15500 रुपये का जुर्माना लगाया है। कोतवाल ओमकार सिंह ने बताया कि नो पार्किंग में सांसद लिखी कार खड़े होने की जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंची थी। जांच की गई तो इसमें हूटर भी मिले। जिन्हें उतारा गया है। साथ ही काले शीशे होने पर चालान काटा गया। राहुल गांधी का प्रतिनिधि होने का दावा करने वाला कार स्वामी प्रमाण नहीं दे सका। वहीं, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विजय शर्मा का कहना है कि ऐसे लोग ही कांग्रेस और उनके नेताओं की छवि को धूमिल कर रहे हैं। इस मामले में पुलिस से सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।