सरायतरीन। हयातनगर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में बुधवार देर रात तीन बदमाशों ने एक किसान के घर में घुसकर महिला से लूटपाट की। बदमाशों ने सो रही महिला का गला पकड़कर उसके कान से सोने के कुंडल और डोरियां खींच लीं। इस दौरान महिला का कान फट गया और वह घायल हो गई।
पीड़िता आशा देवी ने बताया कि वह अपने पति और तीन बच्चों के साथ बरामदे में सो रही थी। देर रात बदमाश दीवार फांदकर घर में घुसे। उन्होंने कमरे का दरवाजा खोला और पूजा वाली अलमारी से पांच हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद बदमाशों ने आशा देवी का गला पकड़कर कान से जेवर खींच लिए। चीख सुनकर पति जागा तो बदमाश मुख्य गेट खोलकर जंगल की ओर भाग गए।
पड़ोसियों ने शोर सुनकर बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे हाथ नहीं आए। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की, लेकिन घायल महिला का मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया। घटना की तहरीर पुलिस को दे दी गई है, पर अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।
नलकूपों से स्टार्टर व केबल चोरी की 34 दिन बाद भी रिपोर्ट नहीं
धतरा के जंगल में 22 जुलाई की रात 11 किसानों के निजी नलकूपों से स्टार्टर और केबिल लाइन चोरी हो गई थी। इसमें भाजपा मंडल अध्यक्ष का नलकूप भी शामिल है। किसानों ने 23 जुलाई को तहरीर दी थी, लेकिन 34 दिन बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। इसी तरह कैलादेवी थाना क्षेत्र के भमौरी पट्टी के ओमवीर ने बताया कि 13 जुलाई को सात नलकूपों से चोरी हुई थी, 40 दिन बाद भी रिपोर्ट नहीं लिखी गई। नलकूपों से सामान चोरी की घटनाएं भी नहीं रुक रही हैं।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
लगातार हो रही चोरी और लूट की घटनाओं से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस अपराधों को रोकने में नाकाम साबित हो रही है। कई मामलों में तहरीर देने के बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा रही है। यह स्थिति कानून व्यवस्था के लिए चिंताजनक है।
-
घटना संज्ञान में आई है। जांच कराई जा रही है। तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कुलदीप सिंह, सीओ, संभल