रजपुरा (संभल)। बहटकरन-रामपुर मोहकम मार्ग पर लिंक मार्ग शुक्रवार की सुबह खेत में मिले लालपुर तीतरी निवासी दुग्धवाहन चालक बृजेश (25) की मौत करंट लगने से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट हो गई है।
गांव लालपुर तीतरी निवासी सूरजपाल ने बताया कि शुक्रवार की सुबह उनका बेटा बृजेश पिकअप गाड़ी में दूध भरकर अनूपशहर डेयरी पर ले गया था। लौटते समय उसका शव गांव तौमी निवासी सुरेश के खेत में पड़ा मिला। उनके खेत में छुट्टा पशुओं से फसल की रखवाली के लिए लोहे के तार लगे हैं। इन पर करंट छोड़ा गया है। इसी करंट की चपेट में आने से बृजेश की मौत हुई है। थाना प्रभारी अमरपाल सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में करंट लगने से मौत की पुष्टि हुई है। मृतक के पिता सूरजपाल की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। संवाद