सौंधन (संभल)। कैला देवी थाना क्षेत्र के गांव सारंगपुर में मेंथा फैक्टरी पर पानी भरते समय ईंटों से बना टैंक गिर गया। जिससे फैक्टरी स्वामी रामकुंवर (53) की मलबे में दबकर मौत हो गई।
शनिवार दोपहर में बिजली न आने की वजह से रामकुंवर जेनरेटर चलाकर पानी का टैंक भर रहे थे। वह पानी का पाइप पकड़कर बैठ गए थे। अचानक कोठरी के ऊपर बना हुआ टैंक भरभराकर नीचे गिर गया। जिसके मलबे में रामकुंवर दब गए। उनके सिर में गंभीर चोट लगी। आनन फानन में आसपास के लोगों ने उन्हें बाहर निकाला और निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनकी मौत हो गई। पीड़ित परिवार की ओर से बताया गया कि मेंथा फैक्टरी पर पानी की जरूरत होती है। इसलिए ही एक ईंटों से टैंक बना लिया था। वह अचानक गिरा तो उसके मलबे में दबने से रामकुंवर की मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस कार्रवाई किए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया।