गुन्नौर। क्षेत्र के गांव गोठना, कनुउआ, रायपुर सहित अन्य कई गांव के ग्रामीण मंगलवार को विद्युत वितरण खंड कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने एक ज्ञापन एसडीओ को सौंपा। ज्ञापन में सुचारु रूप से विद्युत सप्लाई देने और जर्जर तारों व गले खंभों को बदलने के अलावा उनके गांवों को गुन्नौर बिजली घर से जोड़ने की मांग की गई।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में कहा कि गुन्नौर क्षेत्र के गई गांवों में हाईटेंशन लाइन के तार जर्जर और खंभे नीचे से गल चुके हैं। साथ ही सिर्फ चार से पांच घंटे ही बिजली की सप्लाई ग्रामीणों को मिल रही है। इससे उन्हें घरेलू कार्य करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सबसे ज्यादा परेशानी किसानों को हो रही है। बिजली कटौती के कारण किसान फसलों को पानी नहीं लगा पा रहे हैं। इससे उनकी फसलें खराब होने की कगार पर हैं।
इस मौके पर पंचम सिंह, मनोज यादव, राजेश कुमार, नंदकिशोर, प्रमोद कुमार, रामेश्वर, योगेश कुमार, मनोज कुमार, भूर सिंह, दयाल यादव, दिव्य प्रकाश, रोशन सुखराम आदि मौजूद रहे।