मारपीट के बाद दोनों तरफ से पथराव शुरू हो गया। दस मिनट तक दोनों तरफ से बीच सड़क पर पथराव होता रहा। इससे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में ले लिया।
नगर के मोहल्ला मियांसराय निवासी हाजी अंसार ने अपनी बेटी उजमा की दो वर्ष पहले पंजू सराय निवासी नाजिम के साथ शादी की थी। दो वर्ष के वैवाहिक जीवन में उजमा ने एक बेटे को जन्म भी दिया। आरोप है कि शादी के बाद ही ससुराल वाले दहेज में एक लाख रुपये व एक कार मांग रहे हैं। आठ दिन पहले ससुरालियों ने उजमा को मारपीट कर घर से निकाल दिया। आठ दिन से उजमा मायके में रह रही है। मंगलवार को शाम उजमा के परिजन पंजूसराय में नाजिम के घर गए और उनसे विवाद निपटाने को कहा लेकिन समाधान नहीं हो सका। आरोप है कि बुधवार को दोपहर नाजिम चार पांच साथियों के साथ ससुराल आया और जबरन उजमा के साथ ले जाने लगा। जब उजमा के भाई व पिता विरोध किया तो दोनों विवाद के बाद मारपीट हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग सड़क पर आ गए और पथराव शुुरू कर दिया।
दस मिनट तक दोनों पक्षों में पथराव होता रहा। इससे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक पक्ष से अंसार, अनवार, अफसार तथा दूसरे पक्ष से रफीक को पकड़ लिया और थाने ले आई। इनका शांति भंग के अंदेशे में चालान किया गया। चालान के बाद इन्हें एसडीएम की अदालत में पेश किया गया। एसडीएम ने चारों को शांति बनाए रखने के लिए नसीहत दी और जमानत मंजूर कर दी।