बहजोई में साधो बैंड की सूफी नाइट में प्रस्तुति देते कलाकार। स्रोत-सूचना विभाग
बहजोई। संभल कल्कि महोत्सव विकासोत्सव में साधो बैंड की सूफी नाइट की प्रस्तुति की धूम रही। कार्यक्रम को देखने के लिए दर्शक देर रात तक जुटे रहे और तालियाें से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
शुक्रवार को रात सूफी नाइट में धनंजय, अश्वनी, अनमोल व प्रणव की बेहतरीन प्रस्तुति ने पंडाल में बैठे दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। जैसे ही कलाकार मंच पर आए, दर्शकों ने खूब उत्साहित होकर उनका स्वागत किया। इस बीच कलाकारों ने शिव तांडव, समेत राम स्तुति की प्रस्तुति से संभल कल्कि महोत्सव में समां बांध दिया। इस बीच नगरी हो अयोध्या सी, रघुवर सा घराना हो, राम आएंगे व मैं जहां रहूं आदि भजन सुनाकर संभल कल्कि महोत्सव में रस घोल दिया।
इससे पहले पूर्व एलएलसी परमेश्वर लाल सैनी व पालिकाध्यक्ष राजेश शंकर राजू ने माता सरस्वती की प्रतिमा के सामने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। वहीं, कलाकारों को प्रशस्तिपत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस बीच डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया व सीडीओ गोरखनाथ भटट समेत कवि व शिक्षक डॉ. सौरभकांत शर्मा व अन्य आदि रहे।