बहजोई (संभल)। बबराला-बहजोई मार्ग पर गांव ढकारी के पास रविवार की देर रात अज्ञात वाहन ने मोपेड में टक्कर मार दी। हादसे में गांव मिर्जापुर निवासी राजमिस्त्री उमेश (40) की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रात में शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव मिर्जापुर निवासी उमेश राजमिस्त्री का काम कर परिवार का पालन पोषण करता था। मृतक के भाई राकेश ने बताया कि रविवार की शाम उसका भाई उमेश मोपेड से धनारी क्षेत्र के एक गांव में रिश्तेदारी में गया था। देर रात वहां से वापस लौटते समय गांव ढकारी के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन चालक उन्हें टक्कर मारकर भाग गया। हादसे में उसका भाई बुरी तरह घायल हो गया। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे और उपचार के लिए सीएचसी लेकर गए। जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि हादसे की तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।