सिरसी (संभल)। कस्बे के मोहल्ला सादक सराय में शनिवार को दो मंजिला मकान की छत पर लिंटर डालते समय राजमिस्त्री मोहम्मद यूनुस (40) छत से नीचे गिरकर घायल हो गया। देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बिना कार्रवाई शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
सिरसी के मोहल्ला गिन्नौरी निवासी मोहम्मद यूनुस राजमिस्त्री का काम करता था। परिजनों ने बताया कि शनिवार को वह कस्बे के मोहल्ला सादक सराय में पीर बख्श के दो मंजिला मकान की छत पर लिंटर डाल रहा था। मोहम्मद यूनुस फंटी से उसे समतल करते हुए पीछे हटते समय बराबर वाले मकान की छत पर गिरकर घायल हो गया। परिजन उन्हें संभल के निजी अस्पताल ले गए। जहां शनिवार की देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत से पत्नी सीमा और चार बच्चों सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहम्मद युनुस की मौत से दो बेटे और दो बेटियों के सिर से बाप का साया उठ गया है।