जुनावई। क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीण और किसान गंभीर रूप से परेशान हैं। ब्लॉक के करीब 54 गांवों में तय रोस्टिंग शेड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है। इससे लोगों को पूरी रात अंधेरे और भीषण गर्मी में गुजारनी पड़ रही है।
बिजली नहीं आने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। बुजुर्गों और मरीजों को भी काफी दिक्कतें हो रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शाम होते ही बिजली गायब हो जाती है और सुबह तक आपूर्ति बहाल नहीं होती। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। गांव दबथरा के पंकज कुमार और अनिल कुमार सहित जुनावई के पूरन सिंह, यामीन, अजय सिंह, गौरव कुमार ने चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे सब-स्टेशन पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
इस मामले में उपखंड अधिकारी सहे जोशी ने बताया कि जुनावई विद्युत उपकेंद्र पर ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने के कारण यह दिक्कत आ रही है। कहा कि उच्च अधिकारियों से बात कर जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा। ग्रामीणों को उम्मीद है कि विभाग इस समस्या पर त्वरित कार्रवाई करेगा।