दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को बच्चे सहित मारपीट कर घर से निकाल दिया तथा बाद में विवाहिता के मायके आए ससुरालियों ने गाली गलौज की और पति ने तीन तलाक दे दिया। पीड़िता बच्चे के साथ चंदौसी कोतवाली पहुंची और पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने पति सहित सात ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
चंदौसी के मोहल्ला लक्ष्मण गंज निवासी बुशरा ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 19 अक्तूबर 2020 को मुरादाबाद के करूला निवासी सालिम के साथ हुई थी। विवाह में मिले दहेज को ससुरालियों ने आपस में बांट लिया था तथा कम दहेज लाने का ताना देने लगे थे। इसके बाद आरोपी दहेज में कार व दो लाख रुपये नकदी की मांग करते थे। उसके साथ मारपीट करते थे। उसके गर्भवती होने पर आरोपी उसे मायके छोड़ गए थे। वहां बेटे को जन्म दिया था। बाद में वह अपने बेटे को लेकर ससुराल गई। आरोपियों ने फिर से दहेज की मांग की।
25 अक्तूबर 2022 को पति व अन्य ससुरालियों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे धक्के देकर घर से निकाल दिया। मायके पहुंचकर उसने पूरी घटना बताई। मायके वालों के कहने पर ससुराल वाले 19 नवंबर को चंदौसी आए थे। उन्होंने फिर से दहेज में कार व दो लाख रुपये नकदी की मांग रखी। मायके वालों के समझाने पर आरोपियों ने गाली गलौज की। अन्य ससुरालियों के उकसाने पर पति सालिम ने उसे तीन तलाक दे दिया और धमकी दी कि वह ससुराल मुरादाबाद आई तो उसे जान से मार देगा। बुशरा की तहरीर पर पुलिस ने पति सालिम, ससुर इस्लाम, सास भूरी, देवर हासिम, ननदोई बबलू, ननद नाजिम, देवरानी नेहा के खिलाफ दहेज अधिनियम व तीन तलाक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।