चंदौसी। चार दिन का लाकडाउन खुलने के बाद बाजारों भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने दुकानों पर जाकर खरीददारी की। दुकानों व बाजारों में कहीं भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया गया। बाजारों से पुलिस गायब रहने से नागरिकों के हौसले बुलंद रहे। एकदम इतनी भीड़ बाजार में उमड़ने से कोरोना संक्रमण का खतरा और बढ़ गया है। नागरिक अभी भी एहतियात बरतते दिखाई नहीं दे रहे हैं।
लाकडाउन लगने से चार दिन बाजार बंद रहा था। बुधवार को जैसे ही बाजार खुले तो लोगों का हुजूम सड़कों पर उतर आया। लोग दुपहिया वाहनों एवं पैदल काफी संख्या में बाजार में बेखौफ घूमते और दुकानों से खरीददारी करते दिखाई दिए। किसी ने भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना उचित नहीं समझा। सभी को दुकानों से सामान खरीदने की जल्दबाजी थी। जिस कारण एक-दूसरे से सटकर खड़े होकर ही खरीददारी की गई। दुकानदारों ने भी ग्राहकों से आपस में दूरी बनाने की बात नहीं कही। फलों व सब्जी के ठेलों पर भी भीड़ की शक्ल में खरीददारी की गई।
इन बाजारों में दिखाई दी ज्यादा भीड़
सबसे ज्यादा भीड़भाड़ संभल गेट, ब्रह्मबाजार, स्टेशन रोड, फव्वारा चौक, जारई गेट, बिसौली गेट, सीता रोड, कैथल गेट आदि स्थानों पर रही। नगर में रोजाना कोरोना केस बढ़ रहे हैं। इसके बाद भी लोग समझने को तैयार नहीं हैं। किसी भी तरह का पालन नहीं किया जा रहा है। बुधवार को भी बाजार में खरीददारी करने पहुंचे अधिकांश लोगों ने मास्क नहीं लगा रखे थे।
अधिकांश बाजार सील होने के कारण रही ज्यादा भीड़
चंदौसी। कोरोना संक्रमण बढ़ने पर नगर का 80 प्रतिशत हिस्सा सील कर दिया गया है। जिससे अधिकांश प्रमुख बाजार बंद कर दिए गए हैं। बुधवार को बाजारों में भीड़भाड़ का एक कारण प्रमुख बाजार बंद रहना भी रहा। कोरोना संक्रमित मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा बाजार, घंटाघर, फड़याई बाजार, पसरट्टा बाजार, मुरादाबाद गेट, खुर्जा गेट, जारई गेट, सीकरी गेट आदि स्थानों को सील कर दिया गया है। जिससे नगर का 80 प्रतिशत हिस्सा बंद पड़ा है। इन क्षेत्रों की नगर के प्रमुख बाजारों में गिनती होती है। बुधवार को अन्य जगह की दुकानें खुलीं, तो बड़ा हिस्सा बंद होने के कारण जो बाजार खुल रहे थे। उसमें भीड़भाड़ ज्यादा रही।
सील क्षेत्रों में कहीं सुनसान, तो कहीं तोड़ दी बैरीकेडिंग
चंदौसी। नगर के अधिकांश सील क्षेत्रों में बुधवार को सुनसान रहा। जिसमें आवास विकास, खुर्जा गेट, गोपाल मोहल्ला, मोती मोहल्ला, मुरादाबाद गेट, पसरट्टा बाजार, मोहल्ला लोधियान, घटलेश्वर गेट आदि शामिल हैं। यह लोग पूरे दिन घरों से नहीं निकले। जिस कारण इन क्षेत्रों की सड़कों पर सन्नाटा रहा। वहीं बड़ा बाजार, घंटाघर, फड़याई बाजार अन्य हिस्सों में नगर पालिका द्वारा लगाई गई बैरीकेडिंग तोड़ दी गई है। क्योंकि मोहल्लों को सील करते समय बैरीकेडिंग लगाई जाती है ताकि कोई बाहरी व्यक्ति इस क्षेत्र में प्रवेश न कर सके। मगर लोगों ने आने-जाने के कारण बैरीकेडिंग को तोड़ दिया है। इससे बाहरी लोगों का सील क्षेत्रों में आवागमन शुरू होने से संक्रमण बढ़ने की संभावना भी अधिक हो गई है।
फोटो: