संभल। रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव हैमदपुर निवासी मंजू की हत्या उसके पिता चंद्रकेश और भाई धर्मेंद्र ने गला दबाकर की थी। हत्या को आत्महत्या का रूप दिए जाने के लिए पहले फंदे से लटका दिया था। बाद में अन्य रिश्तेदारों के साथ मिलकर हत्या किए जाने की साजिश रची और युवती के शादीशुदा प्रेमी, उसकी पत्नी व रिश्तेदारों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा तो आरोपियों ने फार्मासिस्ट को 50 हजार रुपये रिश्वत दी, जिससे गला दबाने से ही मौत की रिपोर्ट बन सके। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने इस मामले का खुलासा किया है।
सोमवार को एसपी ने बहजोई स्थित कार्यालय में बताया कि मृतका मंजू के गांव निवासी शादीशुदा युवक प्रमोद से प्रेम संबंध थे। गांव के लोगों के साथ प्रमोद की पत्नी पूनम को भी इस प्रेम संबंध की जानकारी हो गई थी। 26 मई को प्रमोद की पत्नी और मंजू के बीच कहासुनी भी हुई थी। इसकी जानकारी जब मंजू के पिता और भाई को हुई तो उन्हें बदनामी होने के साथ ही यह भी डर सताया कि मंजू अपने प्रेमी के साथ कहीं चली न जाए। इससे गांव में बदनामी ज्यादा होगी। 27 मई की सुबह करीब छह बजे पिता-पुत्र ने मंजू की गला दबाकर हत्या कर दी थी। आत्महत्या दिखाने के लिए फंदे से लटका दिया था। इसके बाद रिश्तेदार जयप्रकाश से फोन पर बात की। साथ ही घटना बताई। जयप्रकाश, प्रवेश, चंद्रकेश और धर्मेंद्र ने हत्या की साजिश रची। एसपी ने बताया कि इन सभी आरोपियों के साथ फार्मासिस्ट मधुर आर्य को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से जेल भेज दिया गया है।
-
फार्मासिस्ट को रिश्वत लेने के आरोप में भेजा गया जेल
सीएचसी बहजोई में तैनात फार्मासिस्ट मधुर आर्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी फार्मासिस्ट ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फेरबदल करने के नाम पर 50 हजार रुपये लिए थे। इसकी पुष्टि होने पर पुलिस ने गिरफ्तारी की है। एसपी ने बताया कि मंजू के पिता और भाई ने गला दबाकर हत्या की थी लेकिन बाद में आत्महत्या दिखाने के लिए फंदे से लटका दिया था। आरोपियों ने बाद में मंजू के प्रेमी और उसके परिजनों को हत्या में फंसाने की साजिश की थी। आरोपियों को लगा कि शव फंदे से लटका है तो कहीं मौत का कारण हैंगिंग न आ जाए। इसलिए गला दबाकर हत्या किए जाने की पक्की रिपोर्ट के नाम पर आरोपियों ने फार्मासिस्ट को रिश्वत दी थी। एसपी ने बताया कि पहले भी कई शिकायतें इस फार्मासिस्ट की मिलती रही हैं। अब मामला प्रकाश में आया है तो कार्रवाई की है।
-
मंजू की हत्या उसके भाई और पिता ने की थी। अन्य दो लोगों ने दूसरे पक्ष को फंसाने के लिए साजिश रची थी। फार्मासिस्ट ने रिश्वत ली थी। इन सभी पांच आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से जेल भेज दिया गया है।
कृष्ण कुमार विश्नोई, एसपी, संभल।