संभल। नगर के हसनपुर मार्ग पर स्थित मंडी समिति को संवारने के लिए 1.47 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई है। इस धनराशि से सड़क का निर्माण, सड़क की मरम्मत और इंटरलॉकिंग का कार्य किया जाना है। टीनशेड में फर्श भी कराया जाएगा। इससे आढ़ती और किसानों को राहत मिलेगी। गड्ढों से परेशानी झेल रहे लोगों को भी राहत मिलेगी।
मंडी समिति में कई सड़क जर्जर हो चुकी हैं। इससे आढ़ती काफी परेशानी का सामना करते हैं। माल ले जाने में व्यापारियों को भी दुश्वारी का सामना करना पड़ता है। काफी समय से आढ़ती जर्जर सड़कों के निर्माण की मांग कर रहे हैं। अब राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद की ओर से पत्र जारी किया गया है। जिसमें मंडी समिति में किए जाने वाले कार्याें की जानकारी दी है। मंडी सचिव ने बताया कि जो सड़क जर्जर हो चुकी हैं उसके निर्माण के लिए 52.56 लाख रुपये की धनराशि जारी की गई है। इसके अलावा मरम्मत व अन्य कार्यों के लिए भी धनराशि जारी हुई है। कुल कार्यों के लिए 1.47 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई है।
सुबह के समय होती है आढ़ती और किसानों केा दिक्कत
मंडी समिति में बने गोदाम की ओर बनी सड़क जर्जर हालत में है। करीब छह हजार वर्ग मीटर इस सड़क पर हर दिन आढ़ती और किसानों की आवाजाही रहती है। इस दौरान बड़ी समस्या का सामना करना पड़ता है। बारिश होने पर कीचड़ हो जाती है इससे बाइक सवार गिर जाते हैं। आढ़ती काफी समय से इस सड़क के निर्माण की मांग कर रहे थे। हॉटमिक्स पद्धति से इस सड़क का निर्माण किया जाना है।
मामूली बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या से मिलेगी निजात
मंडी समिति में मामूली बारिश के बाद ही जलभराव की समस्या हो जाती है। इससे काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ता है। ड्रैन सिस्टम नहीं होने के चलते यह जलभराव की समस्या हो जाती है। अब सड़क की मरम्मत और ड्रैन सिस्टम पर 28.31 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।