संभल के धनारी थाना क्षेत्र के भकरौली में ईद की नमाज की तैयारी के लिए सुबह नहाते समय नल पर आए करंट से एक युवक बेहोश हो गया। उसे सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद घर वालों की ईद की खुशियां मातम में बदल गई। मौके पर एसडीएम गुन्नौर पहुंचे और आर्थिक सहायता के लिए परिवार को अश्वासन दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के गांव भकरौली निवासी शारिफ अली (18) बुधवार की सुबह छह बजे ईद की तैयारी के लिए घर में लगे हैंडपंप पर नहाने लगा। नल में आए करंट की चपेट में आने से वह बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजनों ने युवक को गिरते देखा, तो शोर मच गया।
आनन फानन पुलिस को सूचना दी गई। करंट से बेहोश हुए युवक को इलाज के लिए गुन्नौर सीएचसी ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। ईद की खुशी की जगह घर में चीखपुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक युवक की शादी नहीं हुई है। वह अपने पांच भाईयों में तीसरे नंबर का है। इससे बड़े दो भाईयों की शादी हो चुकी है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। एसडीएम रामकेश धामा भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने बिजली करंट के हादसे को लेकर विभाग से मुआवजा दिलाने की बात कही।