रविवार शाम करीब छह बजे मोहल्ला घटलेश्वर में एक व्यक्ति की घर में ही संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
मोहल्ला घटलेश्वर गेट निवासी राधेश्याम (40) की माली हालत ठीक नहीं है। वह कपड़े धोकर परिवार का पालन-पोषण करता था। उनकी पत्नी नीरज भी घरों में कार्य कर पति का हाथ बटाती थी। रविवार की शाम वह कार्य पर गई थी। उनके चारों बच्चे पास ही मोहल्ला लोधियान स्थित अपने चाचा के घर गए थे। घर पर राधेश्याम अकेला था। शाम करीब छह बजे जब पत्नी घर वापस आई तो दरवाजा खुला था। अंदर जाकर देखा, तो राधेश्याम लेटा था। पत्नी ने जब अपने पति को जगाया तो वह नहीं जगा। महिला ने घटना की सूचना अपने देवर को दी। तभी सभी परिजन मौके पर पहुंचे और राधेश्याम को नर्सिंगहोम लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने राधेश्याम को मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव घर ले आए। रात दो बजे घटना की जानकारी होने पर पुलिस घर पहुंची और परिजनों से जानकारी की। परिजनों ने पुलिस कार्रवाई से इनकार कर दिया और बाद में अंतिम संस्कार कर दिया।