बहजोई (संभल)। जमीन के विवाद के चलते ग्रामीण ने चचेरे भाइयों पर मारपीट कर पत्नी की हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। घटना मंगलवार को दोपहर बाद करीब चार बजे की है।
गांव धतराशेख निवासी भोपाल ने बताया कि कुछ जमीन व प्लॉट को लेकर उसके चचेरे भाइयों से विवाद चल रहा था। बीते काफी समय से चचेरे भाइयों का ही जमीन व प्लॉट पर भी उनका कब्जा था। आरोप है कि जब चचेरे भाइयों से अपने हिस्सों की जमीन व प्लॉट की मांग की जाती तो वह मारपीट कर जान से मारने की धमकी देते थे। इसी को लेकर वह मंगलवार को दोपहर अपने पिता के साथ थाना में तहरीर देकर गया था। दोपहर बाद करीब चार बजे जब वह घर पहुंचा तो उसकी पत्नी नेमवती (30) बेहोशी की हालत में मिली। पत्नी ने बेहोशी की हालत में दो चचेरे भाइयों का नाम लेकर मारपीट की बात कही। कुछ देर बाद पत्नी ने दम तोड़ दिया।
भोपाल के मुताबिक, पत्नी के चेहरे पर चोट के भी निशान थे। सूचना पर पहुंचे प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुमार मलिक ने जांच-पड़ताल की। सीओ डाॅ. डॉक्टर प्रदीप कुमार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर पति व आसपास के लोगों से भी जानकारी ली।
कोट
प्रथम दृष्टतया घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। महिला के चेहरे पर चोट के निशान थे। जैसे ही वह कहीं गिर गई हो। आसपास के लोगों से जानकारी मिली कि महिला को मिर्गी के दौरे भी पड़ते हैं। फिलहाल शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -मनोज कुमार रावत, एएसपी (दक्षिणी), जिला संभल