चंदौसी। महाशिवरात्रि का त्योहार 26 फरवरी को आस्था और श्रद्धाभाव से मनाया जाएगा। शिवालयों में महादेव का गंगा जल से अभिषेक करने के लिए सोमवार को कांवड़िये डीजे के साथ निजी वाहनों और ट्रेनों से राजघाट गंगा तट के लिए रवाना हुए। सुबह से देर रात तक कांवड़ियों के राजघाट जाने का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान सड़कों पर महादेव के उद्घोष गूंजते रहे।
सोमवार को सुबह से ही शिवभक्तों का राजघाट गंगा तट से जल लाने को जाना शुरू हो गया। शिवभक्त अपने-अपने घरों से तिलक कराकर कांवड़ लेकर अपने-अपने साथियों के साथ निकल पड़े। कुछ शिवभक्त वाहनों में डीजे लगाकर जल लाने को राजघाट रवाना हुए। तो कुछ शिवभक्तों ने प्राइवेट वाहन जैसे निजी बस, टेंपो व माल ढोने वाली गाड़ी का सहारा लिया। शिवभक्तों का सुबह से राजघाट जाने का सिलसिला शुरू हुआ सिलसिला रात दस बजे तक जारी रहा।
देहात क्षेत्रों से भी शिवभक्त जत्थों के रूप में कांवड़ में जल लाने को रवाना हुए। मंगलवार को सुबह चार बजे के बाद कांवड़िये राजघाट से जल लेकर अपने-अपने गंतव्यों के लिए प्रस्थान कर देंगे। चंदौसी-बबराला मार्ग पर कई स्थानों पर शिवभक्तों के स्वागत की तैयारियां की गई है। जगह-जगह भंडारे आयोजित कर शिवभक्तों का सत्कार किया जाएगा। 11 मार्च को महाशिवरात्रि पर सुबह से ही प्रमुख शिव मंदिरों पर जलाभिषेक किया जाएगा। शिव मंदिरों में भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।