चंदौसी (संभल)। श्री महाकाल सेवा समिति के तत्वावधान में सोमवार को सीता रोड स्थित मूछों वाले मंदिर से भगवान महाकाल की शाही सवारी निकाली गई। डीजे और ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच भगवान महाकाल के जयकारों से वातावरण शिवमय हो गया।
शाही सवारी का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के बाद मूछों वाले मंदिर से हुआ। सवारी में भगवान महाकाल की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर सवारी का स्वागत किया। शाही सवारी सीता रोड स्थित मूछों वाले मंदिर से प्रारंभ होकर बिसौली गेट पहुंची। इसके बाद बड़ा बाजार, घंटाघर और फड़याई बाजार होते हुए ब्रह्म बाजार पहुंची। विभिन्न बाजारों में श्रद्धालुओं और दुकानदारों ने भगवान महाकाल के दर्शन किए और सवारी का स्वागत किया। मार्ग में कई स्थानों पर प्रसाद वितरण भी किया गया।
शाही सवारी निर्धारित मार्ग से होते हुए वापस मूछों वाले मंदिर पर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान आयोजक मनोज कुमार छुट्टन, अंकित जैन, प्रमोद गांधी, हीरालाल, सौम्य अग्रवाल, विपिन बालाजी, रॉकी बाल्मीकि, निशांत वार्ष्णेय, एड लवित वार्ष्णेय, दीपेश सेठ, मयंक वार्ष्णेय, प्रथम वार्ष्णेय आदि उपस्थित रहे।