आंदोलन भाकियू असली के आह्वान पर चल रहा है।
आंदोलन के तहत सोमवार को मध्य गंगा नहर के कार्यालय परिसर में धरना शुरू किया गया था। धरने खुले आसमान के नीचे चल रहा है। किसान सर्दी में हाल बेहाल हो रहे हैं। भाकियू नेताओं ने मध्य गंगा नहर के अधिकारियों से गैराज की चाभी मांगी जब उन्होंने चाभी नहीं दी तो किसानों ने ताला तोड़ दिया। अब किसान वहां पर अपने बिस्तर लगाकर लेट गए हैं और आंदोलन जारी रखने का एलान कर रहे हैं।
भाकियू असली के जिला महामंत्री संजीव गांधी का कहना है कि बेमियादी धरने की शुरूआत सोमवार को की गई है। धरना स्थल पर बेहद सर्दी है रात्रि में किसी किसान की जान भी जा सकती है। इसे लेकर मध्य गंगा नहर के कार्यालय में खाली पड़े गैराज को मांगा गया था लेकिन जब गैराज की चाभी नहीं मिली तो किसानों ने उसका ताला तोड़ा है। उन्होंने यह भी बताया कि किसानों की ओर से कमिश्नर तथा एसडीएम से भी बातचीत की गई थी। कमिश्नर ने कहा था कि किसानों के लिए गैराज खाली करा देंगे पर ऐसा न हो सका। इसलिए मजबूरी में ताला तोड़ना पड़ा। उनका कहना था कि पुनर्वास अनुदान मध्य गंगा नहर के बनाए जाने के समय से ड्यू है। इसे लेकर कई बार शासन तक शिकायतें की गईं हैं पर समाधान नही हो सका।
मुआवजे की मांग पर दूूूसरे दिन भी जारी रही तल्खी
चंदौसी(ब्यूरो)। किसान संघर्ष समिति के तत्वावधान में मंगलवार को दूसरे दिन तहसील के मेन गेट पर धरना प्रदर्शन किया। प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। गेहूं की बर्बाद फसल के मुआवजे की मांग की। शासन-प्रशासन पर निशाना साधा। किसान संघर्ष समिति के तत्वावधान में किसानों ने नारेबाजी की। प्रदेश सरकार पर किसानों की उपेक्षा का आरोप लगाया। सरकारों का किसानों के प्रति ढुलमुल रवैये की निंदा की गई।
गन्ना किसानों के बकाए का भी मुद्दा उठा। रामेश्वार दयाल शर्मा ने कहा कि मुआवजा मिलने तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। डा. मंगल सैन सैनी, सोमपाल सिंह, भीकम जाटव, सुबराती, शिशुपाल सिंह, नीलकमल कश्यप, रामकुंवर, भीकम सिंह राणा, माया देवी, चंद्रवती, रेशमा, रुहाना, नसीमा, अमीर जहां, शहनाज मौजूद रहे।
गन्ना खरीद में मनमानी का आरोप लगाया
रजपुरा/गवां। कस्बा रजपुरा स्थित सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में मंगलवार को किसानों की बैठक हुई। बैठक में किसानों ने डीएसएम शुगर मिल रजपुरा द्वारा गन्ना खरीद में मनमानी का आरोप लगाया है। किसानों का कहना है कि मिल द्वारा समय से पर्ची नहीं दी जा रही हैं। मिल में ट्रांसपोर्टर्स द्वारा गन्ना खरीदा जा रहा है। इससे किसानों को दिक्कत हो रही है। वहीं किसानों ने गन्ना खरीद प्रणाली में सुधार न लाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस दौरान क्षेत्र के राजेश कुमार, बीर सिंह, राजेन्द्र सिंह, नरेश कुमार, महेशपाल सिंह, हरज्ञान सिंह, लखपत सिंह, वीरेश कुमार, चरनपाल सिंह मौजूद रहे।