संभल। असमोली थाना क्षेत्र के एक युवक ने मुरादाबाद निवासी व्यक्ति से दस हजार रुपये लेकर फर्जी आयुष्मान कार्ड बना दिया। इसकी जानकारी जब व्यक्ति को हुई तो उसने युवक से अपने रुपये वापस मांगे। रुपये न देने और मारपीट करने का आरोप लगाकर व्यक्ति ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मुरादाबाद जिले के पाकबड़ा थाना अंतर्गत गांव समाथल निवासी वसीम ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि गांव हरथला निवासी एक युवक से उन्होंने दस हजार रुपये देकर आयुष्मान कार्ड बनवाया था। बताया कि जब आयुष्मान कार्ड का एक अस्पताल में उपयोग किया तो वहां कार्ड को फर्जी बताया गया। आरोप है कि जब इसकी शिकायत कार्ड बनाने वाले से की तो उसने रुपये देने से मना कर दिया और मारपीट की।