चंदौसी। मुंबई जाने के लिए रोडवेज बस स्टैंड पर खड़े युवक को दो ठगों ने झांसा देकर 20 हजार रुपये, मोबाइल मिस व एटीएम कार्ड ले लिया। करीब तीन घंटे तक युवक को इधर-उधर घुमाया। इसके बाद ई-रिक्शा में बैठाकर रेलवे स्टेशन भेज दिया। कुछ देर बाद युवक को सुध आई, तो उसे ठगी का अहसास हुआ। उसने अपने दोस्तों को घटना से अवगत कराया। इसके बाद युवक ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर दोनों ठगों की खोजबीन शुरू कर दी। फव्वारा चौक के पास चर्च के पास एक ठग मिल गया। जिसे दबोच पुलिस के हवाले कर दिया। जिसके पास से युवक का बैग मिला है। जबकि दूसरा साथी फरार है। घटना की तहरीर कोतवाली में दी गई है।
घटलेश्वर गेट निवासी अजय सैनी पुत्र रामौतार सैनी मुंबई में योग प्रशिक्षक है। वह होली पर घर आया था। रविवार की सुबह नौ बजे दिल्ली से मुंबई की फ्लाइट थी। शनिवार की सुबह साढ़े नौ बजे अजय सैनी दिल्ली जाने के लिए घर से निकला और सुबह पौने दस बजे रोडवेज बस स्टैंड पहुंच गया। स्टैंड पर युवक चिप्स खा रहा था। तभी दो ठग पहुंचे और बहुत तेज भूख लगने की बात कहकर पैकेट से एक चिप्स निकाल लिया। इसके बाद जब अजय ने पैकेट से चिप्स खाया तो बेहोशी छाने लगी। ठगों ने योग प्रशिक्षक को अपने कब्जे में ले लिया और उसकी जेब से एटीएम कार्ड निकाल लिया। जबकि युवक के एकाउंट में मात्र दो से तीन हजार रुपये होने पर दोनों ठगों से युवक से अपने परिचितों से एकाउंट में रुपये डलवाने की बात कही। इसके बाद दोनों ठगों की बात मानकर युवक ने अपने परिचितों से तीन बार में 60 हजार रुपये डलवा लिए। इस दौरान दोनों ठग युवक को तीन घंटे इधर से उधर घुमाते रहे। दोपहर एक बजे युवक के मोबाइल से सिम निकालकर मोबाइल उसे दे दिया और उसे ई-रिक्शा में बैठाकर रेलवे स्टेशन भेज दिया।
रेलवे स्टेशन पर जाकर युवक ने अपना चेहरा पानी से धोया, उसे सुध आई और ठगी होने का अहसास हुआ। रेलवे स्टेशन के बाहर उसे दोस्त आशुतोष मिल गया। अजय ने अपने दोस्त को घटना से अवगत कराया। इसके बाद अन्य दोस्तों को भी बुला लिया और दोनों ठगों की तलाश शुरू कर दी। फव्वारा चौक के पास स्थित चर्च के पास एक ठग नजर आ गया। जिसे अजय ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर दबोच लिया और पुलिस को सूचना दे दी।
मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। ठग के पास से युवक का बैग मिला है। जबकि इस दौरान युवक के एकाउंट से बीस हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद अजय ने बैंक में जाकर अपना एकाउंट बंद करा दिया। जबकि मोबाइल का सिम व एटीएम कार्ड दूसरे ठग के पास बताया जा रहा है। दोनों युवक दिल्ली निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस दूसरे ठग की तलाश में जुटी है। पुलिस ने पकड़े गए ठग मोहम्मद तौफीक निवासी मोहल्ला बवाना जेजे काॅलोनी अशोक विहार दिल्ली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
फोटो:: 14