गवां।
गुन्नौर तहसील क्षेत्र के गांव करकौरा में स्थित प्राचीन हाथीराम बाबा आश्रम पर बृहस्पतिवार को 11 दिवसीय महोत्सव के पहले दिन वृंदावन से आए श्री आदर्श कृष्ण कृपा रासलीला मंडल के कलाकारों ने रासलीला में भगवान श्रीकृष्ण जन्म का मंचन किया। जिसे देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो उठे। वृंदावन से आए कलाकारों की सुंदर प्रस्तुति ने माहौल को आनंदित बनाए रखा। कार्यक्रम की शुरूआत में आरती का कार्यक्रम हुआ। इसमें श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद कलाकारों ने मंचन करते हुए दिखाया कि नंद के घर जब भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का उल्लास था तो बृज में नंद के घर जमकर खुशियां मनाई गईं। बधाई गीत से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। हर तरफ नंद घर गोपाल आयो, जय कन्हैया लाल के जयघोष लगाए गए। मंचन में आगे की प्रस्तुति में दिखाया गया कि कंस ने श्री कृष्ण को मारने के लिए पूतना को भेजा। जिसने चुपके से भगवान श्रीकृष्ण को उठाया और अपना विषैला दूध पिलाकर उनको मारने का प्रयास करने लगी। यहां पर भगवान श्री कृष्ण ने दूध के साथ-साथ पूतना के प्राण भी खींच लिए।