स्वयं सहायता समूह के सदस्यों से किस्त की रकम लेकर लौट रहे निजी फाइनेंस कम्पनी के सुपरवाइजर को बदमाशों ने लूट लिया। उससे 1,15,320 रुपये लूटे गए हैं। घटना से क्षेत्र में हडकंप मच गया। थाना पुलिस ने मौके पर जांच की। घटना को संदिग्ध बताया है।
बहजोई थाना क्षेत्र में सेट इन क्रेडिट केयर नेटवर्क लिमिटेड नाम से एक निजी फाइनेंस कंपनी समूह बनाकर रकम इकट्ठा करती है। कंपनी जरूरतमंद लोगों का ब्याज पर कर्ज देती है। इसी कंपनी के सुपरवाइजर बिलारी के गांव करावर निवासी हरिओम पुत्र अनेक सिंह मंगलवार को सुबह लगभग दस बजे अपनी बाइक हीरोहोंडा बाइक से किस्त वसूल कर बहजोई आफिस को जा रहे थे। रास्ते में नाचनी से चन्दनकटी मार्ग पर नाचनी तिराहे के पास तीन मोटर साइकिल सवार छह बदमाशों ने उन्हें तमंचा दिखाकर रोक लिया। रुपयों से भरा बैग छीन लिया।
उनके साथ मारपीट की। बदमाश उनकी मोटर साइकिल का प्लग निकालकर बहजोई की ओर भाग गये। घटना के बाद हरिओम ने राहगीरों के मोबाइल से अपने आफिस को सूचना दी। पवांसा के चौकी इंचार्ज बलराम सिंह यादव बहजोई के थाना प्रभारी घटना स्थल पर पहुचे और मामले की जानकारी ली।
थाना प्रभारी प्रवीन सिंह सोलंकी का कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है कि फाइनेंस कंपनी के रुपये हड़पने के लिए घटना बनाई गई है। वैसे पुलिस हकीकत सामने लाने के लिए जांच कर रही है।