बहजोई (संभल)। सहकारी समितियों पर खाद को लेकर मारामारी है। बृहस्पतिवार की सुबह से ही नगर के रेलवे रोड स्थित समिति पर किसानों की लाइन लग गई, लेकिन दोपहर तक समिति पर ताले लटके रहे। किसानों ने समितियों के स्टाफ पर खाद की कालाबाजारी करने का आरोप लगाया।
नगर के रेलवे रोड स्थित सहकारी समितियों पर दोपहर बारह बजे तक आलम यह था कि महिला व पुरुष किसान खाद के लिए कतार में तो खड़े थे, लेकिन समिति पर दोपहर तक ताले लटके रहे। ऐसे में खाद मिलने की आस में पहुंचे किसान मायूस होकर वापस लौट गए। ऐसा ही हाल रंपुरा व रायपुर कलां की सहकारी समिति पर देखने को मिला। यहां किसान कतार में खड़े होकर स्टाफ के आने का इंतजार कर रहे थे। कुछ किसानों से बातचीत की गई तो उन्होंने समिति के स्टाफ पर खाद की कालाबाजारी करने का आरोप लगाया है। ा