संभल। ऐसे लॉकडाउन का क्या नतीजा निकलेगा जब सुबह से दोपहर तक लोग एक दूसरे से सटे हुए खड़े रहें और सामाजिक दूरी का कोई पालन नहीं किया जाए। संक्रमण तो इसी हालात में फैलने का अंदेशा है। लोग आवश्यक सामग्री खरीदने जाते हैं तो नियमों का पालन नहीं करते। हिदायत के लिए पुलिस और प्रशासन की भी कोई निगरानी नजर नहीं आती है। इसी के चलते लोग उल्लंघन कर रहे हैं।
शनिवार को सुबह छह बजे से खुले बाजार में आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान सामाजिक दूरी का कोई पालन नहीं किया गया और काफी संख्या में लोग मास्क भी लगाए नजर नहीं दिखे। यह भीड़ हर दिन उमड़ती है और सख्ती न होने के कारण लगातार बढ़ रही है, जोकि कोरोना संक्रमण को न्यौता दे रही है। दरअसल इस समय संभल नगर में संक्रमण पर काबू पा लिया गया है।
काफी कम संख्या में मरीज मिल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार एहतियात बनाए रखना जरूरी है। यदि लापरवाही की गई तो हालात फिर से खराब हो सकते हैं। इसके बाद भी बाजार में नियमों का उल्लंघन हो रहा है।