बहजोई। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत डीएम ने कलक्ट्रेट पर समीक्षा बैठक की। इसमें जिलाधिकारी संजीव रंजन ने योजना की प्रगति को लेकर चर्चा की। वहीं डीएम ने सभी अधिशासी अधिकारियों व शाखा प्रबंधकों से कहा कि कोविड-19 के कारण शहरी गरीब पथ विक्रेताओं की लॉकडाउन के कारण आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है, उनकी आर्थिक स्थिति को सुचारू करने के लिए शासन की ओर से पीएम स्वनिधि योजना चलाई गई है। उन्होंने बैंक शाखा प्रबंधकों से कहा कि पात्र स्ट्रीट वेंडरों को निर्धारित तिथि तक शत-प्रतिशत ऋण वितरण कराया जाए।
इसके अलावा कुछ बैंकों को 6 मार्च 2021 तक लंबित सभी स्ट्रीट वेंडरों को ऋण वितरण करने के लिए कहा। इस बीच एलडीएम ने कुछ बैंकों के शाखा प्रबंधकों की ओर से योजना के प्रति कोई रूचि न लिए जाने की बात कही। इस पर एडीएम कमलेश कुमार अवस्थी ने इन शाखा प्रबंधकों को सुधार लाए जाने को लेकर चेतावनी दी। वहीं डीएम की ओर से भी कुछ बैंकों की ऋण वितरण की प्रगति खराब होने पर नाराजगी जाहिर की गई।
डीएम ने सभी अधिशासी अधिकारियों से योजना की प्रतिदिन समीक्षा करते हुए परियोजना अधिकारी जिला नगरीय विकास अभिकरण को प्रगति की जानकारी देने की बात कही। साथ ही नगर पालिका व नगर पंचायत क्षेत्रों में योजना का प्रचार-प्रसार कराए जाने पर जोर दिया। डीएम ने बताया कि 1 से 6 मार्च 2021 तक विशेष अभियान चलाकर स्वनिधि लोन मेला का आयोजन करने के लिए कार्य योजना बनाकर डूडा कार्यालय को जानकारी देने की बात कही गई है।