संभल। जिले में शहर से लेकर देहात क्षेत्र में रखे ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा के इंतजाम नहीं है। जाल की व्यवस्था नहीं है और उनसे निकलने वाले केबल भी अस्त व्यस्त हालत में हैं। हादसों का खतरा बढ़ा हुआ है। खास बात यह है कि कई ट्रांसफार्मरों के पास से ही लोग भी जोखिम उठाकर निकल रहे हैं। फिर भी जिम्मेदार अन्जान बने हुए हैं। ट्रांसफार्मरों पर जाल को प्रबंध नहीं कराया जा रहा है। जबकि नियम है कि इनको कवर किया जाना चाहिए।
बिजली आपूर्ति के लिए बिजली निगम ने ट्रांसफार्मर तो लगा दिए हैं लेकिन उनकी सुरक्षा को लेकर जिम्मेदारी निभाने शायद भूल गए हैं। नतीजा यह है कि कई स्थानों पर रखे ट्रांसफार्मरों पर सुरक्षा का इंतजाम नहीं है। संभल शहर में सैफ खां सराय मेंं ट्रांसफार्मर रखा हुआ है। उस ट्रांसफार्मर पर जाल नहीं लगा हुआ है। खास बात यह है कि यह ट्रांसफार्मर संभल-चंदौसी मार्ग के किनारे रखा है और रोजाना हजारों लोग मार्ग से गुजरते हैं। अब सवाल यही उठता है कि ट्रांसफार्मर की वजह से कभी कोई हादसा हो गया तो जिम्मेदार कौन होगा?
इसी तरह संभल-बहजोई मार्ग पर मोहल्ला नाला में भी ट्रांसफार्मर पर जाल की व्यवस्था नहीं है। जबकि यह अत्यंत भीड़ वाला मार्ग है। बाइक, कार, ई रिक्शा और अन्य वाहनों के अलावा पैदल भी लोग गुजरते हैं। मोहल्ला कोट पूर्वी में सरथल चौकी के पास रखे ट्रांसफार्मर के आधे हिस्से मेंं जाल नहीं लगा हुआ है। यहां ट्रांसफार्मर की लीडें भी अस्त व्यस्त हालत में हैं। आए दिन यहां फाल्ट भी होते रहते हैं।
मोहल्ला मियां सराय में भी ट्रांसफार्मर की सुरक्षा का इंतजाम नहीं है। वहीं असमोली में चीनी मिल चौराहे पर रखे ट्रांसफार्मर पर जाल की व्यवस्था नहीं है। ऐसे हालात में रखे ट्रांसफार्मरों की वजह से हादसों का खतरा बढ़ा हुआ है। फिर भी जिम्मेदार ट्रांसफार्मरों के रखरखाव को लेकर कदम नहीं उठा रहे हैं।
00000000
आबादी के बीचे बिना जाल रखे ट्रांसफार्मर
रजपुरा। रजपुरा इलाके के कस्बा गवां और रजपुरा में बिजली निगम ने ट्रांसफार्मर लगवा रखे हैं। जिनकी वजह से आमजन को खतरा बना हुआ है। कभी भी हादसा हो सकता है क्योंकि ट्रांसफार्मरों पर जाल नहीं लगा है। रजपुरा के बीच बाजार में ट्रांसफार्मर रखा है। उसी के आसपास चाट, पकौड़ी और फल के ठेले लगाए जाते हैं। रजपुरा के प्रजापति मोहल्ला में भी ट्रांसफार्मर की सुरक्षा का इंतजाम नहीं है। अगर बिजली निगम के अधिकारी गंभीर होकर ट्रांसफार्मरों पर जाल लगवा दें सुरक्षित माहौल बन सकता है। संवाद
.कई स्थानोंं पर ट्रांसफार्मरों पर जाल लगवा दिए गए हैं। जहां जाल की व्यवस्था नहीं हो सकी हैं, वहां ट्रांसफार्मरों पर सुरक्षा को लेकर जाल लगवाने के लिए ठेकेदार से कहा गया है। -जेपी वार्ष्णेय, एसडीओ प्रथम संभल बिजली निगम
.रजपुरा में ट्रांसफार्मर के आसपास जाली लगवाने का काम जल्द ही पूरा किया जाएगा। इस संबंध में आदेश दिए गए हैं। -दिनकर पटेल, एसडीओ गवां बिजली निगम