संभल। पालिका के मोहल्ला शहजादी सराय में पिशाच मोचन तीर्थ का निर्माणाधीन लिंटर गिर गया। इस हादसे में तीन मजदूर मामूली घायल हुए हैं। उनका उपचार निजी अस्पताल में कराया गया। यह हादसा शनिवार की शाम को हुआ था। मामला सोमवार की शाम को उजागर हुआ है। हालांकि जिम्मेदार इस मामले में बच रहे हैं। सोमवार को दोबारा से इस कार्य को शुरू कराया गया है।
वार्ड संख्या 4 में यह तीर्थ स्थित है। 1.95 करोड़ रुपये की स्वीकृति से पिशाच मोचन तीर्थ और पाप मोचन तीर्थ का निर्माण चल रहा है। इस हादसे के बाद गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं। पालिका के जेई अमन वर्मा की निगरानी में यह निर्माण चल रहा है। पालिका के ईओ आदित्य प्रकाश का कहना है कि वह इस मामले की जांच कराएंगे। यदि गुणवत्ता में कमी या अन्य कोई लापरवाही सामने आती है तो उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।