धनारी। दो दिन हुई बारिश के बाद ग्रामीण इलाके की बिजली गुल हो गई। इससे ग्रामीण इलाके में अंधेरा छा गया। इनवर्टर बंद हो गए और गर्मी से लोग बेहाल नजर आए।
मंगलवार की शाम को रिमझिम बारिश शुरू हुई तो गांव धनारी, पट्टी लाल सिंह, पट्टी वालू शंकर, चंद्रपुरा, गौरी पुरा, चुरामन की मड़इया, मीना की मड़ैया, गड़ा, डरौली, मझोला फतेहपुर, भकरौली, नगला चतुर भानपुर आदि दर्जन भर गांव में पिछले 48 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप पड़ी है। क्योंकि धनारी में बिजली उपकेंद्र होने के बाद भी बबराला बिजली घर से बिजली की आपूर्ति की जा रही है।
लाइन की दूरी करीब बीस किलोमीटर होने के कारण आए दिन फाल्ट होते रहते है। लाइनमैन ने बताया कि लाइन में कई जगह फाल्ट होने के कारण बिजली नही चल पा रही है। लाइन की पेट्रोलिंग कर फाल्ट को देखा जा रहा है। लेकिन लगातार बारिश के कारण काम नही कर पा रहा है। इधर खेतों में पानी भरा होने के कारण फाल्ट हाथ नही आ रहा है। गुरुवार की शाम तक आपूर्ति नहीं मिल सकी।