जमीन की पैमाइश के नाम पर ली गई थी रकम, एंटी करप्शन की टीम ने किया था गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
गुन्नौर। जमीन की पैमाइश के नाम पर किसान से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार लेखपाल पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।
रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव पतेई नासिर निवासी किसान महीपाल की गांव सेमरी की ओर करीब 15 बीघा जमीन है। किसान के मुताबिक, करीब तीन बीघा जमीन पर उसका कब्जा है, जबकि शेष जमीन कम है। मुख्यमंत्री दरबार में शिकायत के बाद जांच आने पर उसने क्षेत्र में तैनात लेखपाल अमन कुमार से संपर्क किया था। आरोप है कि लेखपाल ने जमीन की पैमाइश के एवज में किसान से 50 हजार रुपये मांगे। बाद में 20 हजार रुपये में सौदा तय हुआ।
दस हजार रुपये पैमाइश से पहले और दस हजार रुपये पैमाइश पूरी होने के बाद देने की बात तय हुई। किसान ने इसकी शिकायत मुरादाबाद एंटीकरप्शन टीम से कर दी थी। बुधवार को लेखपाल राजस्व टीम के साथ धनारी थाना क्षेत्र के सैजना एहरान और किरतपुर के जंगल में जमीन की पैमाइश करने पहुंचा। किसान को भी वहीं बुलाया गया। पैमाइश के बाद लेखपाल ने तय रकम के अनुसार 10 हजार रुपये लेखपाल को दे दिए।
इसी दौरान पहले से पीछा कर रही एंटीकरप्शन टीम ने बहजोई-बबराला मार्ग पर भकरौली गांव के पास लेखपाल की बाइक रुकवा ली। टीम ने तलाशी के दौरान रिश्वत के 10 हजार रुपये बरामद कर लेखपाल अमन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। एसडीएम अवधेश कुमार ने बताया कि लेखपाल के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।