जामा मस्जिद के सदर की गिरफ्तारी के विरोध में निकले वकील।
- फोटो : जामा मस्जिद के सदर की गिरफ्तारी के विरोध में निकले वकील।
संभल। जामा मस्जिद कमेटी सदर जफर अली एडवोकेट की गिरफ्तारी को लेकर शहर के अधिवक्ताओं में रोष है। सोमवार को अधिवक्ताओं ने हड़ताल कर पुलिस के खिलाफ मार्च निकाला है। साथ ही पुलिस पर गलत तरीके से कार्रवाई किए जाने का आरोप भी लगाया है। मुंसिफी से पुरानी तहसील तक अधिवक्ता नारेबाजी करते हुए पहुंचे। जामा मस्जिद कमेटी सदर की रिहाई के लिए मांग उठाई। इस दौरान एहतियाती तौर पर पुलिस भी तैनात रही।
जिला बार एसोसिएशन की ओर से सभी अधिवक्ताओं से हड़ताल करने की अपील की गई। एसोसिएशन के अध्यक्ष मो. इस्लाम एडवोकेट ने कहा कि पुलिस ने गलत तरीके से गिरफ्तारी की है। इसके विरोध में सोमवार को न्यायिक कार्य से विरत रहे और हड़ताल कर रोष जताया है। अध्यक्ष ने अन्य एसोसिएशनों से भी इस विरोध में शामिल होने का आह्वान किया है।
मालूम हो जामा मस्जिद कमेटी सदर को 24 नवंबर के बवाल में साजिश रचने समेत कई आरोप में रविवार को गिरफ्तार किया गया था। न्यायालय से जेल भेज दिया गया है। इसको लेकर ही अधिवक्ताओं ने रोष जताया है।
इस दौरान सुमय्या सय्यदा, असर हुसैन, याहिया खान, सादिक, जसवीर सिंह यादव, फहीम अख्तर, उपेंद्र कुमार शर्मा, सोनू गुप्ता, संकेश शर्मा, फैसल अजीज समेत काफी अधिवक्ता शामिल रहे।