गांव उधरनपुर अजमतनगर के पास बुधवार दोपहर करीब एक बजे तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार दो मजदूरों को टक्कर मार दी। हादसे में गांव गौरीपुरा निवासी हरिओम (22) की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गोविंद (24) घायल हो गया। दोनों बाइक से भट्ठे पर मजदूरी करने जा रहे थे। वहीं, हादसे के बाद चलाक पिकअप छोड़कर भाग गया।
धनारी क्षेत्र के गांव गौरीपुरा निवासी हरिओम गांव के ही गोविंद के साथ बबराला स्थित एक भट्ठे पर मजूदरी करता था। बुधवार दोपहर करीब एक बजे दोनों बाइक से भट्ठे पर जा रहे थे। आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर गांव उधरनपुर अजमतनगर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। कुछ ही देर में राहगीरों की भीड़ जुट गई। वहीं, इस बीच चालक पिकअप छोड़कर भाग गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने हरिओम को मृत घोषित कर दिया, जबकि गोविंद को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। मृतक अपने पीछे अपनी पत्नी और एक वर्षीय बेटे को रोता बिलखता छोड़ गया। थाना प्रभारी बाबू राम गौतम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर पिकअप चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।