चंदौसी। गांव सरथल खेड़ा के केजीबीवी की छात्राओं ने शनिवार को तिरंगा यात्रा निकाली। इस दाैरान कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह की जय और वंदे मातरम्, भारत माता की जय सहित अन्य देशभक्ति नारों से गांव का वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया।
ब्लॉक बनियाखेड़ा के गांव सरथल खेड़ा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने ऑपरेशन सिंदूर के सफल होने पर तिरंगा यात्रा निकाली। जो विद्यालय से शुरू होकर गांव के मुख्य चौराहे व गलियों से होते हुए वापस अपने प्रारंभिक स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में छात्राएं अपने हाथों में तिरंगा लेकर लेफ्टिनेंट कर्नल सोफिया कुरैशी व विंग कमांडर व्योमिका सिंह के जयघोष और देशभक्ति नारे लगाते हुए चल रही थीं।
वार्डन संगीता चौधरी ने बताया कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले का भारत ने ऑपरेशन सिंदूर से बदला लिया। इस ऑपरेशन के माध्यम से इंडियन आर्मी की कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने पूरी दुनिया को नारी शक्ति का परिचय दे दिया। पूरे देश को इन महान विभूतियों पर गर्व रहेगा। इस अवसर पर शिक्षिका सुनीता यादव, प्रतिभा रानी, नीतू पोशवाल, मीनाक्षी, गरिमा गौड़, आफरी, गुड़िया देवी, सीमा देवी आदि मौजूद रहीं।