संभल की स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में सुबह 11.20 बजे तक करेंसी एक्सचेंज शुरू नहीं हो सका थी, जबकि बैंक के बाहर सुबह सात बजे से ही लोगों की भारी भीड़ लग गई थी। तमाम लोग ऐसे थे जो खुले रुपये न होने की वजह से बैंक में करेंसी एक्सचेंज के लिए आए थे। बैंक के बाहर और भीतर अफरा-तफरी और शोर शराबे का माहौल था। शोर इतना ज्यादा था कि कर्मचारियों को आपस में एक दूसरे की बात सुन पाना भी कठिन हो गया था।
संभल। बैंकों में स्टाफ तो पहले से ही कम है। अचानक करेंसी एक्सचेंज के लिए स्पेशल काउंटर खोलने का मौका आया तो बैंक अधिकारी मुसीबत में पड़ गए। दिमाग खपाया तो हाल में ही सेवानिवृत हुए कर्मचारियों की याद आई। स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के प्रबंधक विनोद वैश्य ने अपनी बैंक के सेवानिवृत कर्मचारी जियाउल इस्लाम और मोहर सिंह को करेंसी एक्सचेंज के लिए खुले काउंटर में तैनात किया, जबकि 500-1000 के पुराने नोट जमा करने के लिए खोले गए दो काउंटरों में नियमित काम कर रहे कर्मचारियों को लगाया गया।
चंदौसी। आठ बजे की बजाय शाम छह बजे स्टेट बैंक बंद होने पर लोगों ने जमकर हंगामा किया। लोगों का कहना था कि सरकार ने रात आठ बजे तक बैंक खुलने के आदेश दिए है। पुलिस ने किसी तरह लोगों के फार्म जमा करके सुबह सबसे पहले उन्हीं की धनराशि जमा कराने व बदलवाने की बात कहकर शांत किया। रामस्वरुप रोड स्थित स्टेट बैंक आफ इंडिया की शाखा पर एक हजार व पांच सौ के नोट बदलने व जमा करने के लिए लोगों की सुबह आठ बजे से ही भीड लगना शुरु हो गई। शाम छह बजे बैंक आम जनता के लिए बंद कर दिया गया। बैंक बंद होने पर लोगो ने वहां हंगामा शुरु कर दिया। नोट जमा करने आए व बदलने आए लखपत सिंह यादव, राजीव चौधरी, राजकुमार आदि का कहना था कि दोपहर से लाइन में लगे हुए हैं। जब समय आया तो बैंक बंद कर दिया।
बड़े नोट बंद होने के बाद गुरुवार को बैंकों पर पूरे दिन पुरानी करेंसी जमा हुई। सुबह 10 बजे से लेकर रात आठ बजे तक लोग बैंकों के बाहर थे। संभल जिले के बैंकों में 100 करोड़ रुपये से अधिक की पुरानी करेंसी जमा हुई है।
गुरुवार को सुबह 10 बजे जैसे ही बैंकें खुलीं तो लोग रुपये जमा करने के लिए उमड़ पड़े। सुबह सात बजे से ही लोग कतार में लग गए थे। रात आठ बजे तक बैंकों में भीड़ थी। लोगों को रोकने के लिए बैंकों के बाहर पुलिसकर्मी लगाए गए थे लेकिन फिर भी विवाद और धक्का मुक्का भरा माहौल बना रहा। लीड बैंक मैनेजर सतीश कुमार गुप्ता ने बताया कि जिले के 18 बैंकों की 169 शाखाओं में एक दिन में 100-110 करोड़ जमा होने का अनुमान है। अभी बैंकों में करेंसी की गणना चल रही है। लेकिन प्राथमिक आधार पर 100 करोड़ से अधिक की करेंसी आने की सूचना है।