राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर सवाल खड़े करते हुए कटघरे में खड़ा किया। इशारों-इशारों में सपा, कांग्रेस और सोनिया गांधी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि 15 फरवरी कोे कमल पर ऐसे बटन दबाएं कि सपा का मृत्युघंट बज जाए और आपके वोट का करेंट इटली तक जाए।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह सोमवार को बहजोई के ग्लास फैक्ट्री मैदान में चंदौसी प्रत्याशी गुलाब देवी के समर्थन में आयोजित जनसभा में कहा कि पहले चरण की 73 सीटों में भाजपा 50 सीटें जीत रही है। किसी को सीएम बनाने के लिए नहीं, किसी को सीएम पद से हटाने के लिए नहीं बल्कि यूपी का भाग्य बदलने के लिए मतदान करें। इसके बाद पब्लिक से मुखातिब होकर उन्होंने कहा कि अखिलेश जी कहते हैं- काम बोलता है, मैं आपसे पूछता हूं कि क्या काम हुआ? चंदौसी संभल के गांव सड़क से जुड़े हैं क्या? हर गांव में बिजली है क्या। अस्पताल में दवाई मिलती है क्या? क्या गन्ना किसानों को समय पर भुगतान मिलता है क्या? इस पर पब्लिक का जवाब आया- नहीं।
इसके बाद अमित शाह बोले- बुआ और भतीजे ने पूरे प्रदेश को बर्बाद किया है। सपा बसपा के क्रम ने 15 वर्ष से प्रदेश को बर्बाद किया है फिर अखिलेश जी परसों एक सभा में पूछ रहे थे कि अच्छे दिन कब आएंगे? जवाब तो अखिलेश यादव को देना है। मैं आपको बताता हूं कि अखिलेश के राज में यूपी में क्या हुआ? सपा की गुंडा सरकार में 24 घंटे में 13 हत्याएं और 24 माताओं-बहनों के साथ बलात्कार होता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पूछते हैं कि ढाई वर्ष में मोदी सरकार ने क्या किया? पहली बात तो राहुल बाबा को समझ लेना चाहिए यह देश की संसद का चुनाव नहीं है, प्रदेश की विधानसभा का चुनाव है। राहुल ढाई साल का हिसाब मांगने से पहले 5 वर्ष की अखिलेश सरकार का हिसाब दें। कांग्रेस के राज में देश को घोटालों के अलावा कुछ नहीं मिला। जबकि हमने बोलने वाला प्रधानमंत्री दिया।
राहुल जी आपने ऐसा प्रधानमंत्री दिया, जिसकी आवाज आपने और आपकी माता जी ने ही सुनी थी। दस साल में कांग्रेस और मनमोहन सरकार ने आकाश से लेकर पाताल तक घोटाले किए। स्पेस में टूजी घोटाला, आकाश में अगस्ता हेलीकाप्टर घोटाला, समुद्र में पनडुब्बी घोटाला, जमीन पर आदर्श सोसाइटी घोटाला किया। पाताल में कोल घोटाला किया। दस वर्ष में 12 लाख करोड़ का घोटाला करने वाली कांग्रेस के राहुल बाबा पूछते हैं कि मोदी जी ने क्या किया। मंच पर सांसद सत्यपाल सैनी, प्रदेश मंत्री मंजू दिलेर, एमएलसी भूपेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष राजेश सिंघल और संभल के प्रत्याशी डा. अरविंद गुप्ता, असमोली के नरेंद्र सिंह, सुधीर मल्होत्रा, राजेश शंकर राजू रहे।
भीड़ में उठी राममंदिर निर्माण की मांग, मॉडल लेकर पहुंचे युवा
बहजोई। जनसभा के दौरान भीड़ से राम मंदिर निर्माण की मांग उठाई गई। उत्साहित युवा राममंदिर का मॉडल लेकर पहुंच गए। जैसे ही अमित शाह ने अपना संबोधन शुरू किया, वैसे ही भीड़ में से कुछ युवाओं ने फोटो कट-आउट दिखाते हुए अयोध्या में राम मंदिर निर्माण कराने की बात कही। भीड़ में से युवा व बुजुर्ग राम मंदिर निर्माण की मांग करते हुए उत्साहित दिखाई दिए। चारों और नारे लगने शुरू हो गए। सुरक्षाकर्मियों ने युवाओं को शांत कराया। हालांकि राम मंदिर मुद्दे पर अमित शाह ने कुछ भी नहीं कहा।