राज्यसभा में सपा नेता जावेद अली के पूछे गए सवाल में दिया गया जवाब।
- फोटो : अमर उजाला
जोया-बहजोई वाया संभल मार्ग के नेशनल हाईवे घोषित होने के सवाल पर सड़क परिवहन राज्यमंत्री ने इनकार कर दिया। राज्यसभा के सदस्य जावेद अली खां द्वारा किए गए सवाल के जवाब में राज्यमंत्री ने स्पष्ट जवाब दिया है कि यह मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित नहीं हुआ है। इस मसले पर समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सदस्य का कहना है कि भाजपा जनता को भ्रमित कर रही है।
सांसद द्वारा जोया-बहजोई वाया संभल मार्ग नेशनल हाईवे घोषित किए जाने के सवाल पर जवाब आया है। राज्यसभा के सदस्य जावेद अली खां ने राज्यसभा में सवाल अतारांकित प्रश्न किया। उन्होंने प्रश्न संख्या 1062 में पूछा कि संभल-जोया मार्ग (29 किलोमीटर) और संभल-बहजोई मार्ग (22 किलोमीटर) को राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने हेतु क्या कार्रवाई की गई है? इस सवाल का जवाब सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय में राज्यमंत्री मनसुख एल मांडविया ने दिया।
जवाब में कहा गया है कि राज्य सरकार की सिफारिश तथा सड़क की महत्ता के संबंध में परस्पर प्राथमिकता के आधार पर मौजूदा सड़कों को राष्ट्रीय राजमार्ग में बदला जाता है। संभल-जोया सड़क (29 किलोमीटर) तथा संभल-बहजोई सड़क (22 किलोमीटर) को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित नहीं किया गया है।